राष्ट्रीय योगी सेना के राष्ट्रीय प्रमुख विवेक चौहान ने मुख्यमंत्री को शिकायत भेजी है। इसमें उप मुख्य चिकित्साधिकारी पर बीमार पशु को वैक्सीन लगाने के नाम पर रिश्वत लेने का आरोप लगाया है। स्थानीय प्रशासन ने कहा कि इस मामले की जांच की जा रही है।
मुरादाबाद के उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी सदर डॉ. जितेंद्रवीर सिंह का पशु चिकित्सालय में उपचार कराने पहुंचे पशुपालक से इलाज के बदले रुपये मांगने का वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो के आधार पर राष्ट्रीय योगी सेना के राष्ट्रीय प्रमुख विवेक चौहान ने इस मामले की शिकायत अपर मुख्य सचिव पशुधन विभाग को पत्र व मेल भेज कर करते हुए कार्रवाई की मांग की है।
विज्ञापन
इसकी प्रतिलिपि मुख्यमंत्री को भी भेजी है।शिकायत पत्र में उप मुख्य चिकित्साधिकारी पर बीमार पशु को वैक्सीन लगाने के नाम पर आम लोगों से 550 रुपये तक वसूलने का आरोप लगाया है। शिकायती पत्र के साथ दो वीडियो भी भेजे हैं। जिसमें डॉ. जितेंद्रवीर सिंह को रुपये लेते दिखाया गया है।
पत्र में यह भी कहा गया है कि इससे पहले भी चिकित्साधिकारी के खिलाफ कई शिकायतें हो चुकी हैं। शिकायतकर्ता ने आरोपी चिकित्सक के खिलाफ आपराधिक आधार पर विधिक कार्रवाई की मांग की है।
विज्ञापन
पशु चिकित्सालय पर वैक्सीन की लेवी के दस रुपये जमा कराए जाते हैं। मैं वही रुपये लेता हूं। जो वैक्सीन अस्पताल पर होती है वह लगा दी जाती है। अगर कोई रूपये देकर बाहर से आवश्यकता पड़ने पर कोई वैक्सीन मंगवाने को कहता है तो मंगवा दी जाती है। मुझे फंसाने की नीयत से किसी ने वीडियो बनाकर वायरल किया है और शिकायत की है। जांच के समय मैं अपना पक्ष रखूंगा। - डॉ. जीतेंद्रवीर सिंह, उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी सदर
मुझे वायरल वीडियो की जानकारी नहीं है। कुछ समय पहले एक महिला द्वारा संबंधित चिकित्सक के खिलाफ मुख्यमंत्री पोर्टल पर एक शिकायत की गई थी। इसके अलावा एक युवक ने भी पशु चिकित्साधिकारी द्वारा रुपये लेने की शिकायत एक वीडियो के साथ की गई थी। जांच के बाद डीएम को रिपोर्ट भेज कर उन्हें निलंबित करने और शासन स्तर से जांच कराने की संस्तुति भेजी गई है। - डॉ. अनिल कंसल, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी