मुरादाबाद। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के अंतर्गत माह नवंबर के प्रथम चक्र में तीन नवंबर से शुरू हुए खाद्यान और चीनी वितरण में मुरादाबाद जिला प्रदेश में सबसे आगे चल रहा है। जिले में करीब पांच लाख राशनकार्ड धारकों में से 60.01 प्रतिशत राशन कार्ड धारकों को खाद्यान्न का वितरण किया जा चुका है। प्रदेश के टॉप टेन जिलों में रामपुर, अमरोहा और संभल भी शामिल हैं।
शासन के आदेश पर प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के अंतर्गत माह नवंबर के प्रथम चक्र का वितरण तीन नवंबर से शुरू किया गया है जो 16 नवंबर तक जारी रहेगा। जिले में करीब सवा पांच लाख राशनकार्ड धारक पात्र गृहस्थी के हैं जबकि गरीबी से नीचे जीवन यापन करने वाले राशनकार्ड धारकों की संख्या 30090 है। शासन के निर्देश पर सभी अंत्योदय एवं पात्र गृहस्थी राशनकार्ड धारकों को प्रति यूनिट पांच किलो गेहूं मुफ्त वितरण किए जाने के आदेश हैं। इसके अलावा अंत्योदय कार्ड धारकों को अक्तूबर, नवंबर एवं दिसंबर 2021 माह की एक किग्रा चीनी प्रतिमाह प्रति कार्ड 18 रुपये किलो की दर से (कुल तीन किलो) वितरित की जानी है। इस वितरण में प्रदेश के सभी 75 जिलों में अपना जिला मुरादाबाद सबसे आगे चल रहा है। जिलापूर्ति अधिकारी ने बताया कि बीते तीन दिनों में जिले के 60.01 प्रतिशत कार्ड धारकों को खाद्यान्न वितरण कर मुरादाबाद प्रदेश में नंबर एक पर पहुंच गया है।
इसके अलावा मुरादाबाद मंडल के दो अन्य जिले रामपुर, अमरोहा और संभल भी प्रदेश की टॉप टेन सूची में जगह बनाने में सफल रहे हैं। रामपुर तीसरे, अमरोहा आठवें और संभल नौवें स्थान पर है। बिजनौर की स्थिति फिलहाल ठीक नहीं है। पूर्ति विभाग के आंकड़ों की जो सूची जारी की गई है उसमें बिजनौर 23 वें स्थान पर है।
खाद्यान्न वितरण में बेहतर प्रदर्शन वाले प्रदेश के टॉप टेन जिले
जिला कार्डधारकों को वितरण प्रतिशत
मुरादाबाद 60.01
पीलीभीत 59.17
रामपुर 57.60
बदायूं 56.77
बरेली 54.49
शाहजहांपुर 52.96
शामली 52.86
अमरोहा 49.23
संभल 47.96
कासगंज 47.77