मुरादाबाद के हरौरा गांव के जंगल में स्थित शहद फैक्टरी में दो चोर जैनरेटर का सामान खोलकर चोरी कर रहे थे। इस दौरान ग्रामीणों ने दोनों को घेर लिया। खुद को घिरता देख एक तो भाग गया, जबकि दूसरा गड्ढे में गिरकर घायल हो गया। पुलिस ने घायल चोर को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भेजा है।
पुलिस ने बताया कि हरौरा गांव निवासी मुनेश शर्मा ने गांव के ही जंगल में शहद बनाने के एक छोटी फैक्टरी लगा रखी है। बुधवार रात करीब दो बजे दो चोर फैक्टरी के गेट पर रखे जैनरेटर का सामान खोलकर चोरी करने का प्रयास करने लगे। आहट होने पर ग्रामीणों ने शोर मचारा। साथ ही पुलिस को भी फोन पर सूचना देकर बुला लिया।
पुलिस व ग्रामीणों ने दोनों चोरों को पकड़ने के लिए पीछा किया। इस दौरान एक तो भाग गया, जबकि दूसरा भागते समय गड्ढे में गिर गया। इससे उसका दाहिना पैर टूट गया। घायल को सीएचसी में प्राथमिक उपचार देने के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पकड़े गए चोर की पहचान तेवरखास गांव निवासी के रूप में हुई, जो करीब 10 वर्ष से परिवार समेत मुरादाबाद के मझोला क्षेत्र में रह रहा है।
पुलिस ने अगवानपुर में चोरी का आरोपी पकड़ा
राजस्थान से मंगलवार को करीब साढ़े तीन लाख रुपये की चोरी करके भागे आरोपी तालिब को राजस्थान पुलिस ने अगवानपुर से दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी से ढाई लाख रुपये भी बरामद कर लिए है। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के कस्बा अगवानपुर के मोहल्ला पजाया निवासी तालिब कॉपी किताबों पर की बाइंडिंग का काम करता है।
अभी वह राजस्थान के जोधपुर जनपद के प्रताप नगर में एक कॉपी के गोदाम में मजदूरी कर रहा था। मंगलवार को आरोपी तालिब गोदाम से साढ़े तीन लाख रुपये चोरी कर लिए। इसके बाद वहां भागकर अपने घर अगवानपुर आ गया था। घटना के अगले दिन आरोपी तालिब के अलावा अन्य सभी मजदूर गोदाम में मौजूद थे।
इससे चोरी का शक यकीन में बदल गया। साथी तारा सिंह की तहरीर पर आरोपी तालिब के खिलाफ प्रताप नगर थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। बृहस्पतिवार को जोधपुर जनपद पुलिस टीम सिविल लाइंस थाने में आमद दर्ज करके अगवानपुर पहुंच गई। पुलिस कर्मियों ने मोबाइल की लोकेशन की मदद से आरोपी के मकान पर दबिश दी।
पुलिस ने आरोपी तालिब को दबोच लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी की निशानदेही पर उसके कमरे में बेड से 2 लाख 60 हजार 8 सौ रुपए बरामद कर लिए। इसके बाद पुलिस उसे लेकर राजस्थान चली गई।