बुधवार को रामपुर नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष अजहर खां अपने वकील फजीउल्ला खान के साथ एमपी- एमएलए स्पेशल कोर्ट स्मिता गोस्वामी की अदालत में पेश हुए। विशेष लोक अभियोजक मोहनलाल विश्नोई ने बताया कि अजहर खां की ओर से आत्मसमर्पण प्रार्थना पत्र पेश किया गया था, जिसे अदालत ने स्वीकार करते हुए अजहर खां को जेल भेज दिया है।
अजहर खां के ऊपर रामपुर कोर्ट में चल रहे 13 मुकदमे
रामपुर के पूर्व चेयरमैन अजहर खां के ऊपर रामपुर न्यायालय में 13 अन्य मुकदमे विचाराधीन हैं। अजहर खां के वकील फजीउल्ला खां ने बताया कि रामपुर कोर्ट भी बी वारंट पर अजहर खां को तलब किया जाएगा। मुरादाबाद के इस मुकदमे में अवमुक्त प्रार्थना पत्र आगामी 29 मार्च को अदालत में दाखिल किया जाएगा।
मुकदमे के अन्य आरोपियों सपा सांसद आजम खां, अब्दुल्ला आजम, फिरोज खान, सपा सांसद डा. एसटी हसन, सैयद आरिफ हसन के खिलाफ पूर्व में आरोप तय हो चुके हैं। मुकदमें में गवाह को समन जारी किया गया है, जिसे आगामी 29 मार्च को अदालत में तलब किया गया है।