मुरादाबाद में पड़ रही कड़ाके की ठंड ने पहाड़ों को भी पीछे छोड़ दिया। 24 घंटे में अधिकतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। इसकी वजह से बृहस्पतिवार को मुरादाबाद का अधिकतम तापमान श्रीनगर, नैनीताल, कुल्लू, मनाली से भी कम रहा। सर्दी ने शहरवासियों को बेहाल कर दिया है। उधर, प्रशासन ने आठवीं तक के स्कूलों में 15 जनवरी तक अवकाश घोषित कर दिया है।
मौसम विज्ञान विभाग के डाटा संग्रह केंद्र के अधिकारियों के अनुसार न्यूनतम तापमान में .4 डिग्री की गिरावट हुई और तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा की गति पश्चिम से पूरब दिशा में पांच से 15 किलोमीटर प्रति घंटा रही, जो सामान्य से अधिक है। सुबह नमी 97 फीसदी थी, जो शाम को 78 फीसदी दर्ज की गई।
पंतनगर विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह ने बताया कि बारिश न होने की वजह से मौसम सामान्य नहीं हो पा रहा है। पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय नहीं हुए हैं। लगातार पश्चिमी दिशा से हवा चल रही है। पर्वतीय क्षेत्रों से भी बर्फीली हवा चल रही है। इसकी वजह से जब हवा की गति तेज हो जाती है तो गलन बढ़ जाती है। अभी ठंड बरकरार रहेगी। शुक्रवार को हल्की धूप निकल सकती है।