बिलारी थाना क्षेत्र के मुड़िया राजा गांव में छत पर भरा बारिश का पानी हटाते समय छाया देवी (35) फिसलकर नीचे गली में आ गिरीं। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना रविवार दोपहर 12:30 बजे की है। मकान की छत पर बाउंड्री नहीं है। बिलारी क्षेत्र के गांव मुड़िया राजा निवासी रितेश जाटव मजदूरी करते हैं।
कुंदरकी के जैतपुर पट्टी गांव में बारिश के दौरान मजदूर के घर की छत भरभरा कर गिर गई। मलबे में दबकर मजदूर शमीम अहमद, उनकी पत्नी कौसर जहां, तीन बेटे फजल, अयान व अताउर्रहमान घायल हो गए। कौसर जहां को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया।
बिलारी और कुंदरकी क्षेत्र में बारिश से अब तक भाई-बहन सहित पांच लोगों की मौत हो चुकी है। कुंदरकी क्षेत्र के गांव जैतपुर पट्टी निवासी शमीम अहमद भट्ठे पर मजदूरी करते हैं। रविवार तड़के बारिश के दौरान मजदूर का कच्चा मकान गिर गया। कमरे में सो रहे दंपती और उनके बेटे घायल हो गए।
आसपास के लोगों ने पांचों को मलबे से निकाला और सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां से कौसर जहां को जिला अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के बाद मजदूर और उसके तीनों बेटों को घर भेज दिया। सूचना पर लेखपाल दिनेश चौधरी मौके पर पहुंचे और पीड़ित को मुआवजा दिलाने का भरोसा दिलाया।
लेखपाल ने हादसे के संबंध में अपनी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को दी है। ग्राम प्रधान जब्बार हुसैन और पंचायत सचिव रईस आलम ने भी हादसे की जानकारी ली। पंचायत सचिव ने बताया कि भट्ठा मजदूर शमीम अहमद सरकारी आवास योजना के लिए पात्र हैं। उन्हें जल्द ही आवासीय योजना का लाभ दिलाया जाएगा।
मूंढापांडे क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश से मूंढापांडे थाने के कार्यालय के आगे बने बरामदे में दरारें आ गई हैं। अनहोनी की आशंका में चौकीदारों की मदद से तुड़वा दिया गया। एसएचओ आरपी शर्मा ने बताया कि मामले की अधिकारियों को जानकारी दे दी गई है। सभी पुलिसकर्मियों से सतर्कता बरतने को कहा गया है।