टेलर की दुकान से चोरी करने के दो आरोपियों को पुलिस ने दो घंटे के भीतर पकड़ लिया। चोरी करने के दौरान दोनों आरोपी सीसीटीवी में कैद हो गए थे। पुलिस ने दोनों का जेल भेज दिया है।
कटघर थाना क्षेत्र के कल्याणी मंदिर के सामने टेलर की दुकान से चोरों ने मोबाइल, पर्स और नकदी चुरा लिया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से दो घंटे के अंदर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद करने में सफलता हासिल की।
विज्ञापन
थाना प्रभारी तेजवीर सिंह के अनुसार कटघर के पचपेड़ा निवासी नरेश कुमार की मां कल्याणी मंदिर के सामने धर्मपाल के मकान में टेलर की दुकान है। शनिवार को नरेश ने तहरीर देकर बताया कि शुक्रवार शाम करीब सवा चार बजे वह दुकान से उठकर बाहर गया था।
थोड़ी देर बाद लौटकर आया तो काउंटर में रखा मोबाइल फोन और उसका पर्स गायब था। इस मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगाला। फुटेज में दो संदिग्ध पर्स उठाते दिखाई दे रहे थे। इस मामले में दरोगा हरेंद्र सिंह की टीम ने फुटेज की मदद से कुछ ही देर में कटघर के देवापुर निवासी मोनू और हरिबाबू को धर दबोचा।
विज्ञापन
दोनों के कब्जे से पुलिस ने दुकान से चुराए गए मोबाइल सेट और पर्स के साथ ही 400 रुपये नकद और आधार कार्ड बरामद कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया।