पांच दिन पहले कांठ रोड पर शुरू किए गए सीवर लाइन के खोदाई का कार्य जल निगम व पीडब्ल्यूडी विभाग की आपसी लड़ाई के कारण रुक गया है। काम शुरू होने के आधा घंटे बाद भी पीडब्ल्यूडी ने काम रुकवा दिया। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि जल निगम काम करा सकता है, लेकिन सड़क की तोड़फोड़ मानक के अनुसार करेगा।
काम रोके जाने के बाद जल निगम के जेई अमित कुमार और केके स्पन के प्रोजेक्ट मैनेजर संजीव झा मौके पर पहुंचे और सुपरवाइजरों से बात की। इस पर सुपरवाइजरों ने उच्चाधिकारियों से वार्ता के बाद ही काम शुरू करने को कहा। बाद में पीडब्ल्यूडी के जेई विशाल आजाद भी वहां पहुंच गए। दोनों विभागों के अभियंताओं में मौके पर ही काफी देर वार्ता हुई। लेकिन कोई निष्कर्ष नहीं निकल सका। जिससे कांठ रोड पर सीवर लाइन का काम ठप हो गया है।
इसके बाद जल निगम के अधिशासी अभियंता मोहित कुमार राय ने पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता नावेद खां से फोन पर बात की। बाद में जल निगम के सहायक अभियंता राजेश कुमार सुमन और जेई अमित कुमार भी नावेद खां के पास पहुंचे। कार्य से संबंधित पत्र और शासनादेश भी दिखाया।
बताया जाता है कि इसके बाद नावेद खां ने जलनिगम के अधिकारियों से कहा कि वह लिखित तौर पर दें कि वह नियमानुसार मानक के अनुरूप कार्य करेंगे। नियत समय में कार्य पूर्ण करेंगे। इस कागजी दांवपेंच में ही जल निगम की टीम उलझ गई है।
पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से वार्ता चल रही है। जल्द ही कोई हल निकल जाएगा। जब तक वार्ता फाइनल नहीं होती तब तक काम रुका रहेगा। मोहित कुमार राय, अधिशासी अभियंता जल निगम
मेरी कंपनी की टीम ने सुबह कांठ रोड पर सीवर लाइन डालने का काम शुरू किया था। जिसे पीडब्ल्यूडी की टीम ने रोक दिया। जल निगम और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों में पूरे दिन वार्ता का दौर चला, लेकिन कोई फाइनल निष्कर्ष नहीं निकला। जब तक कोई हल नहीं निकलता कांठ रोड पर कार्य बंद रहेगा।- संजीव झा, प्रोजेक्ट मैनेजर केके स्पन कंपनी