Moradabad: प्यार को पाने के लिए धरना, फिर पुलिस की एंट्री... परिजनों को करवाना पड़ा प्रेमी-प्रेमिका का निकाह
Sun, 19 May 2024 01:22 PM IST
विमल शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, मूंढापांडे (मुरादाबाद)
सार
मुरादाबाद में शादी के लिए प्रेमी के घर पर धरना देने वाली युवती का निकाह करा दिया गया। इससे पहले दोनों पक्षों की पुलिस ने वार्ता करवाई। पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों की सहमति के बाद युवक-युवती ने शादी कर ली है।
मूंढापांडे थाना क्षेत्र के गांव में धरने पर बैठी युवती का प्रेमी से निकाह करा दिया गया। युवक का रामपुर स्वार थाना क्षेत्र के गांव की एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। उसने शादी का दबाव बनाया तो युवक के परिवार वालों ने इनकार कर दिया।
विज्ञापन
युवक हिमाचल प्रदेश में कारपेंटर का काम करने चला गया। एक सप्ताह पहले युवती प्रेमी के घर पहुंच गई। तब युवक के परिजनों ने दरवाजा बंद कर लिया था। युवती घर के बाहर ही धरने पर बैठ गई।
पुलिस ने काफी समझाया, लेकिन युवती शादी करने की जिद पर अड़ी गई थी। उसके बाद पुलिस ने युवती के परिवार वालों को सूचना देकर बुला लिया, लेकिन वह नहीं आए। पुलिस के हस्तक्षेप पर युवती को प्रेमी के घर में एंट्री मिल गई।
विज्ञापन
इसके बाद परिजनों ने युवक को घर बुलाकर शादी करने का फैसला कर लिया। शुक्रवार को इमाम मोहम्मद कैफ ने निकाह करा दिया, लेकिन इस निकाह में युवती के परिजन शामिल नहीं हुए।