मुरादाबाद के भोजपुर के सेहल गांव में पति-पत्नी में घरेलू विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक की पिटाई कर दी, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। ग्रामीणों के इकट्ठा होने पर पुलिसकर्मी युवक को अपनी गाड़ी में डालकर एक निजी अस्पताल में ले गए, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गुस्साए परिजनों ने पुलिस की पिटाई से युवक की मौत होने का आरोप लगाते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया। उन्होंने कांठ रोड पर शव रखकर करीब दो घंटे तक जाम लगा दिया। हंगामे और जाम की सूचना मिलते ही एसपी देहात व सीओ ठाकुरद्वारा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देकर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर जाम खुलवाया।
भोजपुर थानाक्षेत्र के सेहल गांव निवासी भूपेंद्र पांडे (34) कांठ रोड स्थित विवेकानंद नर्सिंग होम में नर्सिंग सुपरवाइजर के पद पर तैनात थे। परिजनों के मुताबिक गुरुवार की रात को भूपेंद्र का पत्नी साधना से विवाद हो गया था। शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे साधना ने इसकी जानकारी रामपुर के गंगापुर मिलक निवासी अपने भाइयों को फोन पर कर दी थी।
भूपेंद्र के भाई सोनू ने पुलिस को बताया कि साधना के भाई के फोन करने पर ही शुक्रवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे पीआरवी में तैनात दो पुलिसकर्मी घर आए थे। आरोप है कि भूपेंद्र के साथ पुलिस कर्मियों ने गाली-गलौज की। विरोध करने पर उन्होंने भूपेंद्र को डंडे से पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद उसे अपनी गाड़ी में बैठा लिया।
ग्रामीणों ने पुलिस की गाड़ी का दरवाजा खोला तो अचेत पड़ा था भूपेंद्र
ग्रामीणों ने पुलिस की गाड़ी का दरवाजा खोला तो भूपेंद्र अचेत पड़ा था। इससे पुलिस कर्मियों के होश उड़ गए। ग्रामीणों की भीड़ जुटी तो पुलिसकर्मी भूपेंद्र को गाड़ी में डालकर वहां से भागने लगे। इसी बीच भूपेंद्र के तहेरे भाई ग्राम प्रधान विजय पांडे गाड़ी में बैठ गए थे। इसके बाद पुलिसकर्मी उसे लेकर विवेकानंद अस्पताल ले गए, जहां पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कुछ ही देर में परिजन भी पहुंच गए। परिजनों ने नाराजगी जताई तो पुलिसकर्मी गाड़ी लेकर भाग गए। इसके बाद आक्रोशित परिजनों ने शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे शव को कांठ रोड पर रखकर जाम लगा दिया। इससे यातायात व्यवस्था बेपटरी हो गई।
सूचना पर एसपी देहात व सीओ ठाकुरद्वारा अनूप सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। करीब दो घंटे बाद परिजनों ने जाम खोला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।- विद्याशंकर मिश्रा, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण