मुरादाबाद के सिविल लाइंस थानाक्षेत्र में आंबेडकर छात्रावास में एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। साथी छात्र उसे लेकर निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए और पुलिस को बिना सूचना दिए ही शव लेकर चले गए।
सिविल लाइंस के प्रभारी योगेंद्र यादव ने बताया कि छजलैट थाना क्षेत्र के दैनाथपुर नत्था नंगला गांव का रहने वाला नरेंद्र कुमार हिन्दू कालेज में बीएससी थर्ड ईयर का छात्र था। वह छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रहा था।
गुरुवार देर शाम छात्रावास में सभी छात्रों ने एक साथ बालीवाल खेला। देर रात खाना खाने के बाद सभी छात्र सोने चले गए। देर रात नरेंद्र कुमार के रूम पार्टनर राजीव कुमार निवासी टांडा रामपुर ने शोर मचाया।
पड़ोसी छात्र आनंद और नीरज भी आ गए और नरेंद्र को लेकर कांठ रोड स्थित कासमास अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने नरेंद्र को देखते ही मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि परिजन शव लेकर घर चले गए थे। अब पुलिस को मौके पर भेजकर पंचनामा भर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।