मुरादाबाद। जीआईसी के मैदान पर खेलने को लेकर युवकों से हुए विवाद के बाद भड़के प्रिंसिपल ने गुरुवार को एक छात्र को स्कूल से लौटा दिया। छात्र ने प्रिंसिपल पर स्कूल से नाम काटने का आरोप लगाया है। इसकी वीडियो सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने पर मामला अफसरों के संज्ञान में आ गया। प्रिंसिपल ने नाम काटने से इनकार किया है। कहा कि छात्र से अपने माता-पिता को लेकर आने को कहा था।
बुधवार को जीआईसी के मैदान पर कुछ युवक क्रिकेट खेल रहे थे। बताया जाता है कि गेंद जीआईसी के प्रिंसिपल के आवास में चली गई। गेंद नहीं देने पर युवकों से प्रिंसिपल से कहासुनी हो गई। प्रिंसिपल का आरोप है कि युवकों ने उनके आवास पर पत्थर फेंके। यहां तक कि प्रिंसिपल ने पुलिस बुला ली थी। क्रिकेट और हाकी खेल रहे युवकों को मैदान से हटा दिया गया। हाकी खेलने वालों में कुछ बच्चे जीआईसी के ही छात्र थे। दूसरे दिन गुरुवार को नवीं कक्षा का छात्र स्कूल पहुंचा तो प्रिंसिपल ने उसे लौटा दिया। बाद में किसी ने इस छात्र की आपबीती का वीडियो वायरल कर दिया। वीडियो में छात्र ने प्रिंसिपल पर स्कूल से नाम काटने का आरोप लगाया है। छात्र का कहना है कि हाकी खेलता है, विवाद क्रिकेट खेलने वालों से हुआ था। कार्यवाहक थाना प्रभारी मुगलपुरा चांदवीर ने बताया कि बुधवार को क्रिकेट खेलने को लेकर विवाद हुआ था। किसी की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है।
- छात्र का नाम नहीं काटा गया है। वह पत्थर फेंकने वालों में शामिल था। उसे अपने अभिभावक को लेकर आने को कहा था। उसे खेलने से नहीं रोका गया। छोटे बच्चे कोच की देखरेख में खेलें। - श्यामा कुमार, प्रिंसिपल, जीआईसी