आगरा हाईवे पर कुंदरकी थाने से पांच किलोमीटर दूर शनिवार रात करीब 1.30 बजे अज्ञात वाहन ने कार को रौंद दिया। इस हादसे में कार सवार नरगिस (48), उनकी बेटी अलफिया (22), नरगिस की भांजी सिमरन (20) और कार चला रहे बहनोई शमीम उर्फ सम्मू (32) की मौत हो गई। ये सभी कुंदरकी में रिश्तेदार की शादी में शामिल होने जा रहे थे।
कार में सवार सभी चार लोगों की मौत का कारण बने वाहन का कुछ पता नहीं चल सका है। एसपी देहात संदीप कुमार मीना ने कहा कि कार की हालत बता रही है कि टक्कर किसी भारी वाहन से हुई है। अज्ञात वाहन और हादसे के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। सीओ डॉ. अनूप सिंह का कहना है कि यह भी पता लगाने की कोशिश है कि कहीं कार आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से तो नहीं टकराई। कहीं नींद की झपकी हादसे का कारण तो नहीं बनी।
कुंदरकी निवासी फुफेरे भाई नबी अहमद के बेटी की शादी में शामिल होने आ रहीं नरगिस ने बेटी अलफिया के साथ मुंबई से 1600 किमी से ज्यादा का सफर सकुशल तय कर लिया था। पुलिस ने बताया कि जिस स्थान पर हादसे में चार लोगों की जान गई है, वहां से नरगिस के मायके के घर की दूरी सिर्फ पांच किलोमीटर ही बची थी।
पुलिस का कहना है कि टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। छत पिचक गई थी और कई जगह कार की बॉडी फट गई थी। तेज टक्कर के कारण एयरबैग भी जिंदगी बचाने में मददगार नहीं बन सके।