अपने गांव पहुंचे शमी, मां ने गले लगाकर दुलारा
क्रिकेट विश्वकप में शानदार प्रदर्शन करने वाले भारतीय गेंदबाज मोहम्मद शमी बुधवार को ही अपने गांव सहसपुर अलीनगर पहुंचे। घर पहुंचते ही मां ने उन्हें गले लगा लिया और दुलारा। शमी ने मां से आशीर्वाद लिया और उनकी सेहत के बारे में पूछा। शमी ने इस लम्हे को सोशल मीडिया पर साझा भी किया।
उन्होंने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा कि आप मेरे लिए सब कुछ हैं मां... आशा है आप जल्द स्वस्थ महसूस करेंगी। भले ही भारतीय टीम विश्वकप फाइनल में हार गई लेकिन परिजनों और साथियों ने शमी के शानदार प्रदर्शन पर खुशी जाहिर की है। जिले के लोगों ने सोशल मीडिया पर शमी की सराहना में पोस्ट किए हैं।
बुधवार को घर पहुंचने के बाद शमी ने काफी समय परिवार के साथ बिताया। इसके बाद शाम को शमी फार्म हाउस पहुंचे और दोस्तों से मिले। विश्वकप को लेकर उन्होंने खूब चर्चा की। 19 नवंबर को फाइनल मैच के दौरान उनके गांव में अलग ही माहौल था। प्रधान की ओर से बड़ी स्क्रीन लगवाई गई थी।
फाइनल से पहले किसी खिलाड़ी को नहीं आई नींद
मोहम्मद शमी के बड़े भाई हसीब ने बताया कि शमी ने टीम व विश्वकप के सफर से जुड़ी कुछ बातों को परिवार से साझा किया। उन्होंने बताया कि फाइनल मैच से पहले रात में किसी खिलाड़ी को नींद नहीं आई। सभी खिलाड़ी बहुत उत्साहित थे। रोहित के साथ सबने खूब चर्चा की। शमी ने कहा कि भले ही हमारी टीम हार गई हो लेकिन देशवासियों का खूब साथ और प्यार मिला।
मनोबल बढ़ाने पर प्रधानमंत्री का आभार जताया
मोहम्मद हसीब के मुताबिक शमी ने बताया कि टीम के हारने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसे ही ड्रेसिंग रूम में पहुंचे तो वह आश्चर्य चकित रह गए। उन्होंने कंधे से लगाकर जिस तरह से टीम का मनोबल बढ़ाया वह बहुत यादगार पल था। हारने के बाद भी प्रधानमंत्री की सराहना राहत देने वाली थी। शमी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर हौसला अफजाई के लिए पीएम का आभार व्यक्त किया है।