बूंदी बनाने वाली फैकटरी के मालिक मोनू की बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। मोनू का शव खून से लथपथ पड़ा था। इसकी सूचना लोगों ने मोनू के परिजनों और पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
मझोला थानाक्षेत्र के ढक्का मोहल्ले में शनिवार देर रात बाइक सवारों ने बूंदी फैक्टरी स्वामी को गोली मार दी। घटना के समय वह गोदाम से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार आए और गोली मारकर मौके से भाग गए। परिजन उन्हें लेकर साईं अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर सीओ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की।
विज्ञापन
पुलिस के मुताबिक, मझोला के लाइन पार ढक्का मोहल्ला निवासी मोनू (38) की बूंदी बनाने की फैक्टरी है। घर के पास ही गोदाम है। शनिवार देर रात करीब बारह बजे मोनू गोदाम से घर लौट रहे थे। घर के बाहर ही पहुंचे थे। इसी दौरान एक बाइक आई। बाइक सवारों ने उन्हें कनपटी पर गोली मार दी। इसके बाद हमलावर मौके से भाग गए। गोली की आवाज सुनकर आस पड़ोस के लोग आ गए। उन्होंने देखा कि मोनू खून से लथपथ हालत में पड़े थे।
इसी बीच मोनू का छोटा भाई सोनू व अन्य परिजन भी आ गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सोनू अन्य लोगों की मदद से घायल मोनू को लेकर साईं अस्पताल पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर सीओ सिविल लाइंस आशुतोष तिवारी और मझोला थाना प्रभारी साईं अस्पताल पहुंच गए और परिजनों से पूछताछ की। इसके बाद उन्होंने मौका मुआयना किया। सीओ ने बताया कि आस पड़ोस के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया जाएगा। पुलिस की शुरुआती जांच पड़ताल में प्रॉपर्टी विवाद की बात सामने आई है। पुलिस हर एंगल पर जांच पड़ताल में जुटी है।