मुरादाबाद। लखनऊ से नई दिल्ली के लिए चलने वाली ट्रेन लखनऊ मेल में एक महिला से छेड़खानी का मामला सामने आया है। घटना सोमवार तड़के तीन बजे की है। महिला लखनऊ से दिल्ली के लिए अपनी बेटी के साथ ट्रेन के एसी कोच में सफर कर रही थीं। उसी कोच में यात्री आदित्य सिंह नशे की हालत में बैठा था। आरोप है कि वह महिला से छेड़खानी कर रहा था।
महिला ने इसकी सूचना फोन के माध्यम से फौरन अपने पति को दी। पति ने ट्वीटर के जरिये मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, जीआरपी हेड्क्वार्टर, नार्दर्न रेलवे के आधिकारिक ट्वीटर हैंडल को टैग कर शिकायत की। इससे कंट्रोल को मैसेज मिला और एसपी जीआरपी और आरपीएफ कमांडेंट के निर्देशों पर दोनों टीमें ट्रेन में पहुंच गईं। आरपीएफ ने आरोपी को गिरफ्तार कर महिला की शिकायत का समाधान किया। आरपीएफ के कंपनी कमांडर धर्मेंद्र कुमार राणा ने बताया कि आरोपी आदित्य सिंह नशे की हालत में था, उसे गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। हालांकि बाद में उसे जमानत पर छोड़ दिया गया।