कांठ। तेज रफ्तार दुग्ध वाहन ने सामने से आ रही रेत भरी भैंसा बुग्गी को टक्कर मार दी। इसमें बुग्गी में जुड़े पशु की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि वाहन व बुग्गी चालक घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृत पशु के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा कर क्षतिग्रस्त दुग्ध वाहन व बुग्गी को कब्जे में लिया है।
कांठ थाना क्षेत्र के गांव गोपालपुर का रहने वाला निजाम पुत्र जग्गू रामगंगा नदी से रेत निकालकर बेचने का काम करता है। रविवार की सुबह करीब पांच बजे वह अपनी भैंसा बुग्गी में रेत लेकर कांठ बेचने के लिए आ रहा था। जब वह नगर में लाल मस्जिद के पास पहुंचा तो मुरादाबाद से बिजनौर के धामपुर, नगीना दूध की सप्लाई पहुंचाने जा रहे तेज रफ्तार दुग्ध वाहन ने निजाम की भैंसा बुग्गी में सामने से टक्कर मार दी। जिससे बुग्गी में जुड़े पशु की मौके पर ही मौत हो गई और दुग्ध वाहन व बुग्गी भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे की जानकारी मिलते ही कांठ थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेशपाल सिंह व एसएसआई मदनपाल सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और जेसीबी की मदद से क्षतिग्रस्त दुग्ध वाहन को हाईवे से हटवाया।
घायल बुग्गी चालक निजाम को भी उपचार के लिए पुलिस ने अस्पताल भिजवाया। हादसे में वाहन चालक जयवीर सिंह निवासी दलपतपुर भी चोटिल हुआ है लेकिन वह मौके से फरार हो गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त दुग्ध वाहन व बुग्गी को कब्जे में ले लिया है।