मुरादाबाद के भोजपुर थाना क्षेत्र में रविवार की रात बाइक सवार बदमाशों ने दूध विक्रेता पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने दूध विक्रेता के भाई की तहरीर पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
भोजपुर थानाक्षेत्र के गनेशपुर देवी गांव निवासी राहत अली (18) दूध विक्रेता है। वह अपने गांव से घर-घर जाकर दूध खरीदता है और भोजपुर कस्बे में जाकर बेच देता है। प्रतिदिन की तरह रविवार रात करीब नौ वह बाइक से दूध लेकर भोजपुर जा रहा था। आरोप है कि भोजपुर से कुछ पहले पेट्रोल पंप के सामने बड़ी पुलिया के पास पीछे से बाइक सवार हमलावर आ गए।
दोनों ने हेलमेट पहन रखा था। बाइक पर पीछे बैठे हमलावर ने किसी धारदार हथियार से राहत पर हमला कर दिया। जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। किसी तरह राहत ने बाइक रोकी और तुरंत अपने भाई सजहर अली को कॉल कर घटना की जानकारी दी।
इसी बीच हमलावर भोजपुर की ओर फरार हो गए। मौके पर राहगीर जुट गए और उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी। इसके अलावा घायल को वहां से उठाकर पीपलसाना स्टैंड के पास निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया। इसी बीच परिजन पहुंच गए। हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने राहत अली को रेफर कर दिया।
परिजनों ने उसे कांठ रोड स्थित कॉसमॉस अस्पताल में भर्ती कराया है। भोजपुर थाना प्रभारी राशिद अली खान ने बताया कि राहत के भाई की तहरीर पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। हमलावरों की तलाश की जा रही है। जिस मार्ग से हमलावर फरार हुए हैं। उस मार्ग के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की जा रही है।