अगर आपके परिवार में कोई बीमार है और उन्हें दवा की जरूरत है तो आज (सोमवार) हरहाल में बाजार से दवा खरीद कर रख लें, वरना कल (मंगलवार) आपको ढूंढने पर भी कोई मेडिकल स्टोर खुला नहीं मिलेगा।
आल इंडिया आर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट (एआईओसीडी) के आह्वान पर देशभर के दवा विक्रेता तीस मई को दुकानें बंद रखेंगे। साथ ही डीएम को ज्ञापन सौंपकर केंद्रीय दवा कानून का विरोध करेंगे।
केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन (सीडीडब्ल्यूए) के जिलाध्यक्ष साहित्य प्रकाश रस्तोगी ने बताया कि प्रदेश में फार्मेसिस्टों की कमी है। ड्रग लाइसेंस का नवीनीकरण नहीं हो पा रहा है। केंद्र सरकार आनलाइन फार्मेसी शुरू करने जा रही है।
जिसे केमिस्ट स्वीकार नहीं करेंगे। केंद्रीय दवा कानून संशोधन में दवा विक्रेताओं की मांगों को भी रखा जाए। इन मुद्दों को लेकर एआईओसीडी ने तीस मई को देशव्यापी बंद का आह्वान किया गया है। इसके समर्थन में जिले में दवा विक्रेता मंगलवार को अपनी दुकानें बंद रखेंगे।