डिलारी के जलालपुर चौके पास बाइक सवार तीन लोगों पर एक पेड़ टूटकर गिर गया। इससे बाइक अनियंत्रित होकर फिसलकर गिर गई। हादसे में बाइक सवार किसान की मौत हो गई, उसका भाई और फूफा घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
भोजपुर के सरखड़ा गांव में रहने वाला सौरभ (25) अपने भाई गौरव और फूफा मनोज निवासी ऊधोवाला गांव ठाकुरद्वारा के साथ बाइक पर पशु खरीदने के लिए जलपुरा जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि डिलारी के जलालपुर पुलिस चौकी के पास पहुंचते ही अचानक एक पेड़ टूटकर गिर गया।
जिससे बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। हादसे में सौरभ की मौत हो गई। गौरव और मनोज को गंभीर चोट आई। एसएचओ डिलारी अशोक कुमार शर्मा ने बताया कि घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, हादसे की जांच की जा रही है। घटना की सूचना परिजनों को दी गई। हादसे से परिवार में मातम छा गया है।