मुरादाबाद। नगर निगम और समाज कल्याण विभाग की ओर से 11 दिसंबर को पंचायत भवन स्थित जिगर मंच प्रांगण में सर्वधर्म सामूहिक विवाह का आयोजन किया जाएगा। जिसमें करीब 300 जोड़ों के सामूहिक विवाह का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए अब तक 252 जोड़ों का पंजीकरण हो चुका है, जिनमें 83 जोड़े मुस्लिम हैं। विवाह को लेकर पंचायत भवन में बृहस्पतिवार को तैयारियों को लेकर अंतिम रूप दिया जाता रहा।
अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार सिंह ने बताया कि शासन के आदेश पर जिले में 11 दिसंबर को सामूहिक विवाह का आयोजन किया जाएगा। बृहस्पतिवार से इसकी तैयारियां शुरू कर दी गईं हैं। उन्होंने बताया कि विवाह में वर व वधू पक्ष से चार-चार लोगों को आमंत्रित किया गया है। उन्होंने बताया कि सामूहिक विवाह में अब तक पंजीकृत हुए सभी 252 जोड़ों का सत्यापन भी करा लिया गया है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के लिए पंचायत भवन स्थित जिगर मंच प्रांगण में पंडाल लगाए जाने का कार्य शुरू करा दिया गया है।
उन्होंने बताया कि जिन जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न होगा उनके खातों में समाज कल्याण विभाग की ओर से 35 हजार रुपये भेजे जाएंगे। विवाह कार्यक्रम संपन्न कराने के लिए पंडित और मौलवियों को भी आमंत्रित किया गया है।