मुरादाबाद। कटघर थानाक्षेत्र में गुरुवार देर रात गर्भवती युवती की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। युवती ने एक साल पहले ही परिवार के विरोध के बावजूद प्रेम विवाह किया था। वह अपने पति के साथ अलग रह रही थी। शुक्रवार शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसकी मौत हेड इंजरी से होना बताई गई है। इसके अलावा महिला के चेहरे, सीने और कंधों पर भी चोटों के निशान पाए गए हैं।
कटघर थानाक्षेत्र के कमला विहार बल्देवपुरी पीतल बस्ती निवासी अंशु शर्मा (20) ने एक साल पहले परिवार के विरोध के बावजूद पड़ोसी अंकित सक्सेना के साथ प्रेम विवाह किया था। अंकित और अंशु सूरज नगर में अलग रह रहे थे। अंशु के पिता राम नरेश शर्मा ने पुलिस को बताया कि गुरुवार देर रात किसी ने उनके बेटे आशू को कॉल कर बताया कि अंशु की मौत हो गई है। मायके वाले घर पहुंचे तो अंशु का शव कमरे में पड़ा हुआ था। पूछताछ करने पर अंकित ने बताया कि अंशु छत पर टहल रही थी। इसी दौरान वह चक्कर खाकर गिर गई। जिससे उसकी मौत हो गई। राम नरेश ने इस मामले की सूचना कटघर पुलिस को दी। सूचना मिलने पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की है। शुक्रवार शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के पता चला कि अंशु शर्मा की मौत हेड इंजरी से हुई है। उसके चेहरे, सीने और कंधे पर चोटों के निशान मिले हैं। इसके अलावा मृतका करीब पांच माह की गर्भवती थी। कटघर थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि युवती के पिता की सूचना पर पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार आगे की कार्रवाई की जाएगी।