मुरादाबाद। जम्मूतवी से वारणसी के बीच चलने वाली (12238) बेगमपुरा एक्सप्रेस में मंगलवार देर रात यात्रियों से लूट हो गई। ट्रेन की स्लीपर बोगी एस-4, एस-5 और एस-7 में बदमाश यात्रियों की आंखो के सामने उनका सामान ले भागे। शोर शराबा होने पर बदमाश चेन पुलिंग कर ट्रेन से कूदकर फरार हो गए। घटना रामपुर और बरेली के बीच मिलक-भिटौरा की है।
शाहजहांपुर में ट्रेन रुकने पर गाजीपुर (बिहार), राजाजीपुरम, गीता पल्ली (लखनऊ) के रहने वाले यात्रियों ने जीआरपी को जानकारी दी। हालांकि सिर्फ दो मिनट का ठहराव होने के कारण लिखित तहरीर नहीं दी जा सकी। यात्रियों ने लखनऊ जीआरपी में रिपोर्ट लिखाने की बात कही। एस-3 कोच में सफर कर रही यात्री अन्नपूर्णा और प्रवीण के मुताबिक मिलक स्टेशन पर रात 2:51 बजे पर चेन पुलिंग हुई। उन्होंने उठकर देखा तो पर्स व सामान गायब था। जब तक वह कुछ समझ पाते शातिर बदमाश उनके कोच से भाग निकले। एस-7 कोच की महिला यात्री साइबा और गुड़िया ने बताया कि रात 3:10 बजे भिटौरा में दोबारा चेन पुलिंग हुई। आंखो के सामने बदमाश उनका पर्स, बैग लेकर ट्रेन से कूद गए।