मुरादाबाद। कटघर काशीपुर तिराहे पर टाइल्स शोरूम में पड़ी डकैती को पुलिस ने कप्तान की फटकार के बाद चोरी से डकैती की धाराओं में तरमीम कर लिया है। शुक्रवार रात हुई इस वारदात में पुलिस के मौके पर पहुंच जाने पर डकैतों ने सीधे पुलिस पर फायरिंग कर दी थी। एसएसपी अमित पाठक ने रविवार को घटनास्थल का निरीक्षण कर थाना पुलिस को घटना के जल्द खुलासे के निर्देश दिए। घटना के अल्पीकरण पर थाना पुलिस को चेतावनी देते हुए एसएसपी ने सही धाराओं में मुकदमा तरमीम का आदेश दिया। पुलिस तीन दिन बाद भी दुस्साहसिक घटना का खुलासा नहीं कर सकी है।
कटघर थाना क्षेत्र में काशीपुर तिराहे पर शुक्रवार को आधी रात बदमाशों ने जाहिद हुसैन के मास्टर टाइल्स शोरूम पर धावा बोला था। शटर उखाड़कर शोरूम में घुसे सात हथियारबंद डकैतों ने जाहिद हुसैन और उनके चालक नफीस को गन प्वाइंट पर लेकर डाका डाला था। डकैतों ने पहले नफीस को पीटकर उससे 11 हजार रुपये लूटे थे। इसके बाद दराज तोड़कर 20 हजार रुपये और एक चेक छीन लिया था। जाहिद हुसैन दूसरे कक्ष में थे। जब तक डकैत उनके पास पहुंचे उन्होंने फोन पर बेटे और भाई को सूचना दे दी थी। फोन करने पर डकैतों ने शोरूम मालिक को बेरहमी से पीटा था और लूटपाट करने के बाद निकल गए। ठीक उसी वक्त शोरूम मालिक का बेटा पुलिस लेकर वहां पहुंच गया था। पुलिस को देख डकैतों ने गोली चला दी थी। पुलिस ने भी जवाब देने की कोशिश की थी लेकिन पुलिस वाले की पिस्टल दगा दे गई थी। इसके बाद बदमाश पुलिस की नजरों के सामने ही जंगल में भाग निकले थे।
इस दुस्साहसिक वारदात को भी कटघर पुलिस ने चोरी की धाराओं में दर्ज किया था। आला अफसरों से भी यह घटना छुपाए रखी और मामूली चोरी की ही सूचना दी थी। मीडिया में पुलिस के अल्पीकरण का खेल उजागर होने के बाद एसएसपी अमित पाठक रविवार को घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने शोरूम मालिक से पूरी घटना की जानकारी ली और अल्पीकरण के लिए थाना पुलिस को फटकार लगाई।
पुलिस का कहना है कि चार संदिग्धों को उठाकर मामले में पूछताछ की जा रही है। कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं। सीसीटीवी फुटेज में भी डकैत कैद हो चुकी हैं। फुटेज की मदद से भी पुलिस उन तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।