मुरादाबाद। मुरादाबाद मंडल के सभी जनपदों में संवेदनशील क्षेत्र और विवादित स्थलों की मैपिंग की जाएगी। इसके बाद एक क्लिक में अधिकारी देख सकेंगे कि किस स्थान पर कितनी फोर्स है और वहां कितनी फोर्स की और जरूरत है। इसे लेकर डीआईजी शलभ माथुर ने बृहस्पतिवार को पुलिस लाइन में सभी जनपदों के एलआईयू प्रभारी व कंप्यूटर ऑपरेटर के साथ मीटिंग की।
डीआइजी ने मीटिंग में कहा कि पांच सालों में जिन भी थाना या चौकी क्षेत्रों में विवाद हुए हैं। उनकी मैपिंग की जाए। इसकी पूरी रिपोर्ट तैयार करें। इन संवेदनशील और विवादित स्थानों का डिजिटाइजेशन किया जाएगा। इसके बाद एक क्लिक में इन स्थानों को देखा जा सकता है। मैपिंग के जरिये सुरक्षा व्यवस्था भी देखा जा सकता है।