मुरादाबाद के एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया
- फोटो : एएनआई
आने वाला रविवार पुलिस प्रशासन के लिए चुनौतीपूर्ण साबित हो सकता है। कांवड़ यात्रा के कारण रूट डायवर्जन के बीच रविवार को शहर में 33 परीक्षा केंद्रों पर राजस्व लेखपाल भर्ती की लिखित परीक्षा होगी, जिसमें 15,740 अभ्यर्थी नामांकित हैं। इन परिस्थितियों से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन को पहले से तैयारी करनी होगी।
सावन के पहले और दूसरे सोमवार को पिछले कई सालों की तुलना में कांवड़िये अधिक संख्या में मुरादाबाद पहुंचे और यहां से दूसरे शहरों के लिए गुजरे भी हैं। पुलिस प्रशासन ने तीसरे सोमवार और मोहर्रम की तैयारियां शुरू कर दीं हैं। 31 जुलाई (रविवार ) को उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा राजस्व लेखपाल भर्ती की लिखित परीक्षा होगी। परीक्षा के लिए मुरादाबाद में 33 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर 15,740 अभ्यर्थी नामांकित हैं।
मुरादाबाद के अलावा अन्य जनपदों के अभ्यर्थी भी शहर में आएंगे। जबकि शुक्रवार शाम चार बजे से सोमवार शाम चार बजे तक तीसरे सोमवार के मद्देनजर रूट डायवर्जन लागू कर दिया जाएगा। एसपी यातायात अशोक कुमार सिंह ने बताया कि तीसरे सोमवार को लेकर शुक्रवार से रूट डायवर्जन किया जाएगा। अभी परीक्षा से संबंधित कोई आदेश नहीं मिला है। आदेश मिलते ही संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ मीटिंग कर परीक्षा को लेकर तैयारियां की जाएगी।