ठाकुरद्वारा। नगर के एक शातिर ठग ने लोगों को लग्जरी कार और आईफोन दिखाकर प्रभावित कर लिया। फिर उन्हें तरह-तरह के झांसी देकर उनसे लाखों की ठगी कर ली। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को थाने में बुलाकर पूछताछ की।
नगर के मोहल्ला माहीगिरान निवासी के खिलाफ ठगी का शिकार हुए लोगों ने बुधवार को इसकी शिकायत पुलिस से की। मोहल्ले के मोहम्मद फरमान ने आरोपी पर 1.24 लाख रुपये, मोहम्मद रफी से 2.10 लाख, मोहम्मद फैजान से 40 हजार रूपये, मोहल्ला धोबियान निवासी रिहान से 15 हजार, मोहल्ला बहेड़ा वाला निवासी आरिफ से 1.10 लाख रुपये अलग-अलग तरीके से ठग लिए। इसके अलावा कुछ अन्य लोगों से भी उसने ठगी की है। उसने कभी अपनी मां के बीमार होने और कभी किसी इमरजेंसी काम के लिए जरूर बात कर पैसे लिए। ठगी के शिकार लोगों को कहना है कि वह कभी लग्जरी कार में मोहल्ले में आता था, महंगे आईफोन दिखाकर उन्हें प्रभावित कर देता था। ठगी के शिकार लोगों ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक मनोज परमार का कहना है कि शिकायत की जांच की जा रही है।