मुरादाबाद। कोरोना संक्रमण से लोगों को बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने 30 नवंबर तक जनपदवासियों को कोविड के दोनों टीका लगाने की योजना बनाई है। इसके तहत सोमवार से जिला अस्पताल पुरुष और महिला में सुबह आठ बजे से रात दस बजे तक टीका लगाया जाएगा। साथ ही क्लस्टर अप्रोच के दूसरे चरण का भी आगाज होगा। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी का कहना है कि जनपद में टीकाकरण में सबसे खराब स्थिति कुंदरकी की है, जहां लक्ष्य के सिर्फ सात फीसदी लोगों ने ही दोनों डोज लगवाई हैं।
जिले में टीकाकरण की शुरुआत 16 जनवरी से की गई थी। मुरादाबाद जनपद में 2363233 लोगों को वैक्सीन का टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें से अब तक 1395644 व्यक्तियों को पहला टीका और सिर्फ 445504 लोगों को दोनों टीके लग पाए हैं। शनिवार को 11261 लोगों ने वैक्सीन की डोज ली, जिसमें 6344 व्यक्तियों को पहला और 4917 व्यक्तियों को दूसरा टीका लगाया गया।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. दीपक वर्मा ने बताया कि क्लस्टर अप्रोच प्रोग्राम के दूसरे चरण की शुरुआत सोमवार से की जाएगी। ब्लॉक के जिस क्षेत्र को क्लस्टर अप्रोच के तहत चुना जाएगा, वहां पर सौ फीसदी टीकाकरण करने के बाद ही दूसरे स्थान का चयन होगा। 30 नवंबर तक सभी व्यक्तियों को कोरोना की दोनों डोज लगानी हैं।