मुरादाबाद। भोजपुर थाना क्षेत्र के सरदार नगर में पुरानी रंजिश के चलते शादी समारोह में चाकू और लाठी-डंडे चल गए। तीन घायलों ने अस्पताल में इलाज कराया। इस मामले में पुलिस ने सात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव सरदार नगर निवासी चंद्रपाल की दो बेटियों की शादी के लिए 23 अप्रैल की दोपहर बारात आई थी। परिवार और रिश्तेदार शादी समारोह में बरातियों को खाना खिला रहे थे। आरोप है कि इसी बीच चंद्रपाल से पुरानी रंजिश रखने वाले गांव के मुरारी, नन्हे, छोटू, जयप्रकाश, धमेंद्र, रोहित और विशाल आ गए। दोनों पक्षों के बीच बहस होने के बाद लाठी-डंडे और चाकू चलने लगे। इस दौरान आरोपियों ने चंद्रपाल के पेट में चाकू से वार कर दिया। चंद्रपाल के बेटे केवल के सिर पर लाठी-डंडे से चोट लग गई। इसके अलावा आरोपी मुरारी व नन्हे ने जान से मारने की नियत से चंद्रपाल के दूसरे बेटे धर्मवीर के सिर पर धारदार हथियार से वार किया। मारपीट में चंद्रपाल और उसके परिवार के अन्य सदस्य घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में उपचार कराया गया। इस मामले में चंद्रपाल ने सभी आरोपियों के खिलाफ थाने में तरहीर दी। पुलिस ने इस मामले में मुरारी, नन्हे, छोटू, जयप्रकाश, धमेंद्र, रोहित और विशाल के खिलाफ बलवा का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।