मुरादाबाद। जिले में दस दिन बाद फिर कोरोना का पॉजिटिव केस मिला है। गाजियाबाद से लौटे जीडीए (गाजियाबाद विकास प्राधिकरण) में तैनात जेई की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। संक्रमित जेई को होम आइसोलेट कर दिया गया है। मंगलवार को उनके परिवार के सदस्यों का सैंपल लिया जाएगा।
शहर के टीडीआई सिटी के रहने वाले एक व्यक्ति गाजियाबाद विकास प्राधिकरण में अवर अभियंता के पद पर तैनात है। शनिवार को वह गाजियाबाद से मुरादाबाद पहुंचे। उन्हें सर्दी जुकाम की परेशानी हुई। सोमवार को उन्होंने शहर के एक निजी लैब में कोविड की जांच कराई तो वह संक्रमित पाए गए। स्वास्थ्य विभाग की आरआर टीम के मुताबिक जेई के एक साथी को सर्दी जुकाम की शिकायत थी। जेई उसके संपर्क में थे। इससे पहले 16 मार्च को टीडीआई सिटी की रहने वाली 33 वर्षीय युवती की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। वह दिल्ली के एक निजी स्कूल में शिक्षिका है। शिक्षिका ने भी दिल्ली से लौटकर मुरादाबाद में जांच कराई थी।