मुरादाबाद के छजलैट में जनसभा में बोलते जयंत चौधरी।
- फोटो : KANTH
कांठ (मुरादाबाद)। राष्ट्रीय लोकदल की आशीर्वाद पथ जनसभा में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी केंद्र और प्रदेश सरकार पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन सरकार की देन है। यदि यूपी में रालोद की सरकार बनेगी, तो किसानों को लाभ, युवाओं को सरकारी नौकरी और महिलाओं को सम्मान दिया जाएगा। दो करोड़ युवाओं को नौकरी दी जाएगी। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर 31 अक्तूबर को रालोद का घोषणा पत्र जारी कर दिया जाएगा।
बृहस्पतिवार को कांठ विधानसभा क्षेत्र के छजलैट स्थित शुक्ला की पुलिया पर आयोजित जनसभा में रालोद प्रमुख जयंत चौधरी ने मंच से पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के लोगों का अभिवादन किया। जयंत चौधरी ने कहा कि आज किसान पर ही नहीं, बल्कि पूरे देश पर हमला हो रहा है। चौधरी चरणसिंह ने हमेशा किसान हितों का ध्यान रखा और संघर्ष भी किया। आज मौजूदा सरकार सरकारी संस्थानों को निजी हाथों में सौंप रही है, जो कि देश के भविष्य के लिए ठीक नहीं है। इससे देश में बेरोजगारी बढ़ रही है।
जयंत चौधरी ने कहा कि प्रदेश का भी बुरा हाल है। मौजूदा योगी सरकार के कार्यकाल में न तो योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंच रहा है और न ही प्रदेश का किसान खुशहाल है। कहा कि यदि वर्ष 2022 में राष्ट्रीय लोकदल की सरकार बनती है, तो बकाया बिजली बिल माफ कर आगे के बिल को हाफ किया जाएगा। साथ ही पुलिस की ड्यूटी निर्धारित होगी, बॉर्डर स्कीम भी खत्म कर भर्ती की आयु 22 के स्थान पर 28 वर्ष की जाएगी। किसानों को छह हजार सालना की जगह 12 हजार रुपये सालाना व लघु किसानों को 15 हजार रुपये देने का काम किया जाएगा। सत्ता में आने पर प्रदेश के सरकारी स्कूलों में उच्च शिक्षा बेहतर की जाएगी। विद्यालयों में कंप्यूटर लैब की स्थापना और आधुनिकीकरण किया जाएगा। साथ ही दो करोड़ युवाओं को नौकरी, मनरेगा के तहत श्रमिकों को 320 रुपये मजदूरी व 100 दिन काम, दूध उत्पादन के लिए किसानों को पांच रुपये सब्सिडी आदि दिया जाएगा। जनसभा की अध्यक्षता राष्ट्रीय महासचिव व पूर्व सांसद मुंशीराम पाल और संचालन जिलाध्यक्ष मनोज चौधरी ने किया।