मुरादाबाद। शहर के चर्चित कुशांक गुप्ता हत्याकांड में मंगलवार को अदालत में सुनवाई हुई। केस के विवेचक रहे इंस्पेक्टर आरपी सिंह से आरोपियों के वकीलों ने जिरह की। अदालत ने इस मामले में अगली सुनवाई के लिए चार जून की तारीख तय की है।
सिविल लाइंस क्षेत्र के रामगंगा विहार में 12 जनवरी 2022 की रात करीब आठ बजे कुशांक गुप्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह अपनी स्पोर्ट्स सामान की दुकान बंद कराने के बाद घर जाने की तैयारी कर रहे थे। मुकदमे की विवेचना के दाैरान सामने आया कि कुशांक गुप्ता का विवाद दीनदयाल नगर निवासी पूर्व ब्लॉक प्रमुख ललित कौशिक के साथ हुआ था। दुकान खाली करने को लेकर कुशांक गुप्ता को धमकी दी गई थी।
पुलिस ने दावा किया था कि ललित कौशिक ने खुशवंत सिंह उर्फ भीम और केशव शरण शर्मा को सुपारी देकर हत्या कराई थी। इस मुकदमे की सुनवाई अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अचल लवानिया की अदालत में चल रही है। आरोपी केशव और खुशवंत उर्फ भीम के वकील अभिषेक शर्मा ने बताया कि वादी पक्ष की ओर से विवेचक को मंगलवार को पेश किया गया। विवेचक से जिरह पूरी हो गई। अदालत ने अन्य गवाह को चार जून को तलब किया है।