मुरादाबाद। बिलारी थानाक्षेत्र में होली वाले दिन कार की टक्कर से घायल हुए किसान की उपचार के दौरान मौत हो गई। दिल्ली रोड स्थित एक निजी अस्पताल में किसान का उपचार चल रहा था। पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने शव परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया।
हादसे में जान गंवाने वाले हेमंत कुमार (31) बिलारी थानाक्षेत्र के ग्वारऊ गांव निवासी थे। हेमंत के परिवार में पत्नी साधना, बेटा आर्यन (07) और मां सुमन देवी है। होली वाले दिन हेमंत गांव के ही गजेंद्र की बाइक पर बैठ कर कहीं जा रहे थे। इसी दौरान एक युवक अपने दोस्त की कार चला रहा था। कार चालक ने बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में हेमंत गंभीर रूप से घायल हो गए थे। किसान को मझोला क्षेत्र में निजी अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां उपचार के दौरान सोमवार सुबह किसान की मौत हो गई। मझोला थाना प्रभारी धनंजय सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया गया है। ब्यूरो