अब दूल्हा-दुल्हन चलती ट्रेन में भी सात फेरे ले सकेंगे। रेलवे अपने यात्रियों को जीवन के सबसे अनूठे अनुभव का मौका देने जा रहा है। अभी तक ट्रेन में रायल सवारी करने को मिलती है। लेकिन इससे आगे बढ़ते हुए वेडिंग आॅन व्हील नाम से स्कीम शुरू की गई है।
इसमें चलती ट्रेन में शादी का अनुभव लेने के लिए ट्रेन बुक कराई जा सकती है। शादी के लिए बुक होने वाली ट्रेन का इंटीरियर भी फाइव स्टार होटल के दर्जे से कम नहीं होगा। शादी के लिए ट्रेन आठ दिन के लिए बुक होगी। इसमें दूल्हा दुल्हन ही नहीं बल्कि उनका परिवार और रिश्तेदार भी साथ रहेंगे और शादी के साथ भारत भ्रमण का भी आनंद उठाया जा सकेगा।
अभी तक शादी को यादगार बनाने के लिए दूल्हा दुल्हन हवा में एक दूसरे को वेडिंग रिंग पहनाते थे। जीवन के सबसे अहम पलों को यादगार बनाने के लिए कोई समुद्र में जहाज पर शादी रचाता था तो कोई हेलीकाप्टर से दुल्हन लेने पहुंचता था। रेलवे ने इस सबसे आगे निकलते हुए भारत में अनूठी और यादगार शादी के लिए प्लेटफार्म उपलब्ध कराया है।
इसके तहत ट्रेन में भी शादी की रस्में पूरी हो सकेंगी। जीवन भर याद रहने वाली शादी की रस्म के लिए ट्रेन आईआरसीटीसी से बुक कराई जा सकती है। बुकिंग के बाद आईआरसीटीसी ट्रेन के साथ सारे इंतजाम करेगा। इसमें पैलेस ऑन व्हील की तर्ज पर महाराजा एक्सप्रेस उपलब्ध कराई जाएगी। शादी के फेरे से लेकर खाने पीने तक की व्यवस्था होगी।
इसके साथ ही ट्रेन देश के विभिन्न हिस्सों से होकर गुजरेगी। इस स्पेशल ट्रेन का प्रमुख बड़े स्टेशनों पर ठहराव भी होगा। जिससे वहां बाजारों की खरीददारी का आनंद भी उठा सकेंगे। ये टूर आठ दिन का रहेगा। इसमें वेडिंग प्लानर रेलवे की ओर से होगा, अगर बुकिंग कराने वाले चाहें तो अपनी सुविधा के अनुसार प्रोग्राम बना सकते हैं।
इस ट्रेन के रूट में लखनऊ को भी शामिल किया गया है। ऐसे में यदि ट्रेन दिल्ली से बुक होती है और लखनऊ के रास्ते आगे जाती है तो मुरादाबाद होकर भी गुजरेगी। शादी वाले परिवार अपने रिश्तेदारों को प्रमुख स्टेशनों से आमंत्रित भी कर सकते हैं। इस ट्रेन में 88 यात्रियों के लिए इंतजाम होगा। आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर इसकी विस्तृत जानकारी दी गई है।