रामपुर शाही खानदान के शस्त्रों पर पूरे देश के साथ साथ सेना की भी नजर है। सेना ने रामपुर रियासत के गौरव को सामने लाते हुए हथियारों के संरक्षण की इच्छा जाहिर की है। इसे लेकर उत्तर भारतीय एरिया मुख्यालय के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल एन एस राजा सुब्रमणि ने अंतिम शासक नवाब रजा अली खां के पौत्र पूर्व मंत्री नवाब काजिम अली खां उर्फ नवेद मियां को अनुरोध पत्र भेजा है।
जनरल राजा सुब्रमनि ने नवाब काजिम अली खां को भेजे पत्र में उनकी 20 फरवरी को मुख्यालय के ब्रिगेडियर एमएस जोधा के साथ हुई मुलाकात का जिक्र करते हुए कहा है कि हाल ही में सर्वोच्च न्यायालय के फैसले के परिणामस्वरूप शाही परिवार के सदस्यों के बीच निजी संपत्तियों के विभाजन में बड़ी संख्या में दुर्लभ एंटीक बंदूकें, पिस्तौल, तलवार, चाकू और अन्य शस्त्र मिले हैं।
उन्होंने कहा है कि 'सदियों पहले बनाए गए यह दुर्लभ हथियार सशस्त्र बलों के लिए विशेष रुचि रखते हैं। मेरा मानना है कि संग्रहालय और सेना के स्थानों पर प्रदर्शित होने यह धरोहरें सबसे अच्छी तरह से संरक्षित होंगी। इसलिए, मेरा अनुरोध है कि कुछ शस्त्र सेना को उपहार के रूप में देने पर विचार करें, जो सभी शाही परिवार के सदस्यों के बीच आपसी परामर्श के बाद आपके लिए संभव होगा।'