फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मैं मरने जा रहा हूं.. कहकर नहर में लगा दी छलांग

विज्ञापन
विज्ञापन
मैं मरने जा रहा हूं.. मेरा मोबाइल यहां पड़ा है... इसे उठा लेना, मैं अब नहीं आऊंगा, इन अल्फाजों के साथ युवक ने चार मीटर की दूरी पर चाचा और भाई के सामने ही सैफनी के पुल पर रामगंगा पोषक नहर में छलांग लगा दी। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों के साथ युवक को काफी तलाश किया लेकिन उसका कोई पता नहीं लग सका। बुधवार देर रात तक भी परिजन नहर पर उसकी तलाश करते रहे।
विज्ञापन

पुलिस के मुताबिक गांव जाजरू में मोमराज सिंह का बेटा मनोज (22) मंगलवार की रात करीब आठ बजे खाना खाने के बाद घर से निकला था। वह घर नहीं पहुंचा। रात में करीब 12:50 मिनट पर उसके भाई राहुल ने फोन कर उससे कहां होने की जानकारी ली तो मनोज ने फोन पर बताया कि मैं मरने जा रहा हूं... मेरा मोबाइल यहां पड़ा है... इसे उठा लेना, मैं वापस नहीं आऊंगा। यह बोल सुनकर भाई राहुल के होश उड़ गए। उसने मामले की जानकारी अपने चाचा जितेंद्र को दी, क्योंकि गांव के सामने ही सैफनी का पुल है, इसलिए चाचा-भतीजे मनोज से फोन पर बात करते हुए मौके की तरफ दौड़ पड़े लेकिन उनके चार मीटर दूर रहते ही मनोज ने नहर में छलांग लगा दी। पानी का बहाव इतना तेज था कि मनोज तुरंत की पानी में बह गया। भाई राहुल के मुताबिक करीब 100 मीटर दूर तक मनोज को बहते हुए देखा था जिसके बाद वह नजरों से ओझल हो गया।
सूचना पर पुलिस इंस्पेक्टर शैलेंद्र चौहान फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और परिजनों की मौजूदगी में नहर में मनोज को तलाशना शुरू कर दिया। पुलिस ने रात करीब चार बजे तक सर्च ऑपरेशन चलाया। इसके बाद बुधवार को दिनभर तलाश जारी रखी गई, लेकिन मनोज का कोई पता नहीं लगा। इंस्पेक्टर के मुताबिक मनोज ने घरेलू विवाद के चलते यह कदम उठाया है। फिलहाल उसकी तलाश की जा रही है। उसके मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। मनोज के भाई राहुल को उसका फोन उसी जगह पड़ा मिला, जहां से मनोज ने छलांग लगाई थी।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें