ठाकुरद्वारा। नगर में मुरादाबाद हाईवे पर स्थित प्राचीन शिव मंदिर मढ़ी की भूमि पर आयुर्वेदिक अस्पताल के निर्माण का विवाद बुधवार को निपट गया। हिंदू समाज के लोग मुरादाबाद आए जनपद के प्रभारी मंत्री चौधरी अनिल कुमार से मिले। उनके समर्थन में मुरादाबाद नगर निगम के महापौर विनोद अग्रवाल, विधायक रामवीर सिंह आदि भी आए और उनकी मांग का समर्थन किया।
भाजपा के पूर्व नगर अध्यक्ष शिवेंद्र गुप्ता ने बताया कि प्रभारी मंत्री ने उनकी मांग को गंभीरता से लिया। समाज के लोगों ने प्रभारी मंत्री को बताया कि मंदिर की भूमि पर अवैध रूप से आयुर्वेदिक अस्पताल का निर्माण किया जा रहा है। जबकि अस्पताल के लिए दूसरी जगह पर भूमि नगर पालिका ने दी थी लेकिन वहां पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर निर्माण कार्य कर लिया है। उनके दबाव में अधिकारी और प्रशासन कोई सही निर्णय नहीं ले रहे हैं। बार-बार मंदिर की भूमि पर अस्पताल का निर्माण शुरू किया जा रहा है। इस पर प्रभारी मंत्री ने इसे गंभीरता से लिया और डीएम को निर्देश दिए की मंदिर की भूमि पर अस्पताल नहीं बनेगा। उसे दूसरी जगह पर बनवाया जाए।
प्रभारी मंत्री के आदेश के बाद हिंदू समाज का प्रतिनिधिमंडल डीएम से मिला। इस पर डीएम ने निर्माण कार्य कर रहे ठेकेदार को बुलाया। हिंदू समाज और मंदिर कमेटी के लोगों से कहा कि जो निर्माण ठेकेदार ने किया है उसका भुगतान मंदिर कमेटी को करना होगा। इस पर दोनों पक्ष मान गए। अब अस्पताल का निर्माण गाटा संख्या 612 में होने की संभावना है। इसकी पैमाइश डीएम के आदेश पर एसडीएम ने कराईं थी। प्रभारी मंत्री और डीएम से मिलने वालों में शिवेंद्र गुप्ता, भाजपा के नगर मंडल अध्यक्ष दीपक वाल्मीकि, आशीष अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल आदि शामिल रहे।
मंदिर की भूमि पर हुए निर्माण का खर्चा देने को तैयार
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह चौहान ने बताया कि उन्होंने प्रभारी जिला मंत्री चौधरी अनिल कुमार और डीएम से वार्ता कर मंदिर की भूमि पर अस्पताल निर्माण का विवाद सुलझा दिया है। डीएम ने मंदिर की भूमि पर यथा स्थिति रहने और अस्पताल का निर्माण दूसरी जगह कराने का आश्वासन दिया है। पूर्व जिलाध्यक्ष का कहना है कि मंदिर की भूमि पर हुए निर्माण का खर्चा भी वह देने को तैयार हैं।