यूपी पुलिस की 25वीं वार्षिक घुड़सवारी प्रतियोगिता में मुरादाबाद के घोड़े और घुड़सवार फिर चैंपियन बन गए। मुरादाबाद प्रशिक्षण जोन मुरादाबाद ने अपने शानदार प्रदर्शन से ट्रॉफी अपने कब्जे में रखी है। मुख्य अतिथि एडीजी बरेली जोन पीसी मीणा ने विजेता और उपविजेता टीमों को शील्ड, पदक और पुरस्कार देकर सम्मानित किया। मुरादाबाद हर प्रतियोगिता में चैंपियन का खिताब अपने नाम करता आ रहा है।
एडीजी पीसी मीना ने कहा खेल हारने जीतने से ज्यादा उत्साह की भावना को प्रदर्शित करता है। उन्होंने घोड़ों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मानव सभ्यता के विकास में घोड़ों का योगदान सदैव सराहनीय रहा है। आज भी पुलिस कार्यप्रणाली में यातायात नियंत्रण, मेला नियंत्रण और भीड़ नियंत्रण में घोड़े और घुड़सवार पुलिसकर्मियों का कोई विकल्प नहीं है।
समापन समारोह में डीआईजी मुनिराज जी, एसएसपी हेमराज मीना, एसपपी यातायात सुभाष चंद्र गंगवार, एएसपी अकादमी महेंद्र कुमार, डीएसपी मनोज कुमार यादव, मनोज कुमार बिष्ट, हरेंद्र यादव मौजूद रहे। संचालक डीएसपी मोहन कपूर और उपासना पांडेय ने संयुक्त रूप से किया।
घुड़सवारी प्रतियोगिता में प्रशिक्षण जोन मुरादाबाद के एसआईएमपी राजनरेश छाए रहे। उन्होंने व्रवो जंपिंग, टीम टेंट पेगिंग, ड्रेसाज टीम और व्यक्तिगत, गुरु चेला, मिडले रिले, टेंट पेगिंग व्यक्तिगत में पहले स्थान हासिल किया। वह सर्वश्रेष्ठ घुड़सवार घोषित किए गए। प्रशिक्षण जोन मुरादाबाद के घोड़े राठौर ने शानदार प्रदर्शन किया। राठौर सर्वश्रेष्ठ घोड़े का खिताब मिला।