मुरादाबाद। रेलवे एनटीपीसी ( नॉन टेक्निकल पॉपुलर कैटेगरी ) के प्रथम चरण के परिणाम आने के बाद इसकी हाई मेरिट अभ्यर्थियों में चर्चा का विषय बनी हुई है। अब दूसरे चरण के लिए अभ्यर्थियों को और ज्यादा मेहनत करनी होगी। चूंकि पहले की अपेक्षा दूसरे चरण की परीक्षा काफी जटिल हो सकती है। इसका कारण सीटों की संख्या से तकरीबन 20 गुना ज्यादा अभ्यर्थियों का शार्ट लिस्ट होना है।
रेलवे ने कुल 35281 पदों के लिए पूरे भारत में यह परीक्षा आयोजित कराई थी। प्रथम चरण के परिणामों के मुताबिक 705620 अभ्यर्थी दूसरे चरण के लिए चयनित हुए हैं। सीटों से 10 या 12 गुना ज्यादा अभ्यर्थियों का चयन दूसरे चरण के लिए होना था लेकिन काफी संख्या में छात्रों के समान अंक होने के कारण चयनित अभ्यर्थियों की संख्या 20 गुना तक पहुंच गई। इसे लेकर रेलवे ने स्पष्टीकरण भी जारी किया है। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी दीपक कुमार ने सात लाख से ज्यादा अभ्यर्थियों के चयन का कारण स्पष्ट करते हुए बताया है कि चयनित अभ्यर्थी दूसरे चरण की परीक्षा में बैठेंगे। इस परीक्षा द्वारा सीटों से तकरीबन आठ गुना ज्यादा अभ्यर्थियों को तीसरे चरण की परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा। तीसरे चरण के बाद अंतिम मेरिट में 35281 अभ्यर्थी ही बचेंगे। उन्हें पदवार नियुक्तियां दी जाएंगी। सीपीआरओ ने यह भी स्पष्ट किया है कि कुछ श्रेणियों में तीसरे चरण की परीक्षा नहीं होगी।
कुछ इस तरह है सीटों का गणित
शैक्षिक योग्यता लेवल रिक्तियां चयनित अभ्यर्थी
इंटरमीडिएट 2 5663 113260
इंटरमीडिएट 3 4940 98800
ग्रेजुएट 4 161 3220
ग्रेजुएट 5 17393 347860
ग्रेजुएट 6 7124 142480
कुल 35281 705620