भारतीय सेना ने मंगलवार देर रात पाकिस्तान में आतंकी कैंपों को हमला कर तबाह कर दिया। इसके बाद गृह मंत्रालय की ओर से हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। पश्चिम उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद समेत कई लोगों में विशेष चौकसी का अलर्ट जारी किया गया है। इसके लिए पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया। एसएसपी सतपाल अंतिल ने सभी सीओ, थाना प्रभारी, चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए कि वह अपने-अपने क्षेत्रों में अलर्ट रहे।
पुलिस अधिकारी फोर्स के साथ गश्त करते नजर आए। पुलिस टीमों ने बुधवार को होटल, ढाबे, रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस अड्डों के साथ बाजारों में संदिग्ध लोगों की तलाश में अभियान चलाया। शहर से लेकर देहात तक 200 से ज्यादा प्वाइंटों पर चेकिंग की गई। इसके अलावा देर रात से लेकर सुबह तक अधिक चौकसी के निर्देश दिए गए हैं।
एसएसपी सतपाल अंतिल ने बताया कि पुलिस अलर्ट है। संदिग्ध लोगों की निगरानी की जा रही है। कंट्रोल रूम और स्मार्ट सिटी के तहत लगाए गए सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी की जा रही है। इसके अलावा यूपी 112 पर तैनात पुलिस कर्मियों को अलर्ट किया गया है।