मझोला थानाक्षेत्र निवासी हेड कांस्टेबल ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया। परिजनों ने आत्महत्या के कारणों की जानकारी होने से इंकार किया है।
पुलिस के मुताबिक मझोला थानाक्षेत्र की एकता कॉलोनी निवासी प्रशांत चौहान (53) उत्तर प्रदेश पुलिस में हेड कांस्टेबल थे। इन दिनों उनकी ड्यूटी संभल जनपद में डायल 112 कंट्रोल रूम स्थित बहजोई में चल रही थी। प्रशांत अपने बेटे सनी चौहान और सुमन चौहान के साथ एकता कॉलोनी में रहते थे। पत्नी यहां कास्मेटिक के सामान की दुकान चलाती है। बेटे सनी ने पुलिस को बताया कि मंगलवार सुबह करीब दस बजे वह घर से बाहर निकले थे। कुछ देर बाद घर लौटे तो वह घर में आकर उल्टियां करने लगे थे। पूछताछ करने पर उन्होंने जहर खाने की बात कही, तो घर में चीखपुकार मच गई। परिजन उन्हें लेकर टीएमयू पहुंचे और भर्ती करा दिया, जहां उपचार के दौरान हेड कांस्टेबल की मौत हो गई। थाना प्रभारी धनंजय सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया गया। फिलहाल परिजनों आत्महत्या के कारणों की जानकारी से इनकार किया है। जांच की जाएगी कि प्रशांत चौहान ने जहर क्यों खाया था।