काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस में बुधवार की रात बदमाशों ने यात्रियों को अपना निशाना बनाया। दो महिलाओं सहित तीन यात्रियों का सामान चोरी कर लिया। इनमें से एक ने मुरादाबाद और दो ने दिल्ली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बरेली से मुरादाबाद के बीच बदमाशों की सक्रियता एक बार फिर से बढ़ गई है। थोड़े ही समय में कई वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। बुधवार की रात काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस में बदमाशों ने तीन यात्रियों का सामान सोते समय चोरी कर लिया।
बरेली से चलने के कुछ देर बाद ही भिटौरा स्टेशन के नजदीक चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोका गया। तब पता चला कि कई यात्रियों के पर्स चोरी हो चुके थे। बदमाश ट्रेन से कूदकर भाग निकले। यात्रियों में शोर मचा, लेकिन अंधेरे में किसी ने नीचे उतरने की हिम्मत नहीं दिखाई।
ट्रेन के वहां से चलने के बाद मुरादाबाद पहुंचने से पहले ही कटघर यार्ड में खड़ा कर दिया। उस समय जीएम स्पेशल ट्रेन गुजरनी थी, जिसके चलते ट्रेन यार्ड में करीब पौना घंटा खड़ी रही। मुरादाबाद स्टेशन पर पहुंचने पर वर्षा सिंह पत्नी अरुण सिंह निवासी नोएडा ने जीआरपी में रिपोर्ट दर्ज कराई।
वर्षा सिंह ने तहरीर में लिखा कि वह एस-6 कोच में सवार थीं। कटघर यार्ड में ट्रेन खड़ी होने के दौरान बदमाश उनका हैंडबैग चोरी कर ले गया। जिसमें एक सोने की चेन, लाकेट, पांच हजार रुपये, एटीएम, आईडी थे।
जीआरपी ने रिपोर्ट दर्ज कर ली। जबकि पूनम गुप्ता पुत्री शिवप्रसाद गुप्ता निवासी प्रतापगढ़ और मो. आसिफ निवासी दिल्ली ने दिल्ली स्टेशन पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। इनके भी हैंडबैग चोरी हुए हैं।