बिथरी चैनपुर के विधायक राजेश मिश्रा उर्फ पप्पू भरतौल की बेटी साक्षी के बाद एक और युवती का वीडियो वायरल हुआ है। युवती ने प्रेम विवाह कर पुलिस से सुरक्षा मांगी है।
पांच दिन पूर्व हसनपुर से बीएससी की छात्रा रात में घर से गायब हो गई थी। पिता ने इस मामले में सपा नेता समेत तीन लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शनिवार को पिता ने थाने पर बेटी की बरामदगी के लिए प्रदर्शन किया। कार्रवाई न होने पर आत्मदाह या धर्म परिवर्तन की चेतावनी दी है। उधर, युवती ने दो वीडियो जारी कर अपनी जान को खतरा बताया है। पुलिस से सुरक्षा की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक करीब पांच दिन पूर्व रात में परिजनों को सोते हुए छोड़कर बीएससी की छात्रा एक युवक के साथ चली गई थी। अब तक युवती का कोई सुराग नहीं मिलने से पिता और परिजनों ने शनिवार दोपहर को कोतवाली पहुंचकर हंगामा करना शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस कर्मियों से जमकर नोकझोंक हुई। युवती के पिता ने कहा कि यदि दो दिन में बेटी बरामद नहीं हुई तो धर्म परिवर्तन या आत्मदाह कर लूंगा।