पूर्व मंत्री आजम खां की शान में कसीदे पढ़ते वक्त मुरादाबाद के सपा सांसद डा. एसटी हसन की जुबान रविवार रात को ऐसी फिसली कि मर्यादा की सारी सीमाएं लांघ गई। दरअसल शहर के मुस्लिम डिग्री कालेज में पूर्व मंत्री व रामपुर के सांसद मोहम्मद आजम खां के स्वागत में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था।
इसमें डा. हसन ने रामपुर की पूर्व सांसद व भाजपा नेत्री जयाप्रदा का लिए बिना उन पर मंच से अभद्र टिप्पणी की। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सपा सांसद अपने बयान पर कायम हैं, उनका तर्क है कि यदि उनके द्वारा कहे गए शब्द जयाप्रदा को बुरे लगे हैं तो वह इस प्रोफेशन को छोड़ क्यों नहीं देतीं।
रविवार को देर रात आयोजित कार्यक्रम में एसटी हसन ने जयाप्रदा का नाम लिए बगैर कहा कि आज के दौर में भी ऐसे लोगों को चार लाख वोट मिल जाते हैं। जयप्रादा पर की टिप्पणी के बारे में पूछने पर सपा सांसद डा. एसटी हसन ने कहा कि उन्होंने जिस शब्द का इस्तेमाल किया, उसे गलत क्यों समझा जा रहा है।
सांसद ने कहा कि जयाप्रदा डांस करती हैं और अपनी अदाओं से लोगों को रिझाती हैं। यदि यह शब्द इतना बुरा है तो इस प्रोफेशन को लोग छोड़ क्यों नहीं देते हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया है। सीओ कटघर सुदेश गुप्ता का कहना है कि यदि इस संबंध में जयाप्रदा तहरीर देती हैं तो पुलिस महिला की गरिमा को भंग करने की एफआईआर दर्ज करेगी।