पाकबड़ा (मुरादाबाद)। रतनपुर कलां गांव में पुलिस ने एक घर से 22 रसोई गैस सिलिंडरों को बरामद किया है। पुलिस का दावा है कि रसोई गैस सिलिंडरों को बिना किसी मानक को पूरे किए घनी आबादी के बीच घर में रखा गया था। उधर, गोदाम संचालक जकी मलिक का आरोप है कि पुलिस को मुफ्त में सिलिंडर नहीं दिए पर उनके परिजनों के साथ मारपीट की गई। इस मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों से करेंगे।
रतनपुर कलां गांव निवासी जकी मलिक गैस वितरण का काम करता है। वह सिलिंडरों को अपने घर में रखकर गांव के लोगों को सप्लाई करता है। शुक्रवार शाम को उसके घर पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने घर में रखे 22 सिलिंडरों को अपने कब्जे में ले लिया। चौकी प्रभारी ग्रोथ सेंटर सतेंद्र शर्मा ने बताया की गैस को गोदाम को गांव के बीच में घनी आबादी में चलाया जा रहा था। इसकी सूचना मिली थी। इस पर गोदाम संचालक के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इस मामले की सूचना सप्लाई विभाग को दी गई है।