मुरादाबाद। ठाकुरद्वारा थानाक्षेत्र में रामूवाला गणेश के पास बृहस्पतिवार शाम साढ़े पांच बजे अगला टायर फटने से गैस सिलिंडर लदा ट्रक सामने से आ रही ट्रैक्टर ट्राली में घुस गया। हादसे में ट्रैक्टर ट्राली में सवार मासूम समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 32 लोग घायल हो गए। घायलों को ठाकुरद्वारा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के समय ट्रैक्टर ट्राली सवार लोग जसपुर स्थित कालू सईद बाबा की दरगाह से लौट रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, हादसा बृहस्पतिवार शाम साढ़े पांच बजे ठाकुरद्वारा मुरादाबाद मार्ग पर रामूवाला गणेश गांव के पास हुआ। अमरोहा जनपद के डिडौली थानाक्षेत्र के श्योनाली निवासी शाह आलम बृहस्पतिवार सुबह अपनी ट्रैक्टर ट्राली लेकर जसपुर स्थित कालू सईद बाबा की दरगाह पर गए थे। उनके साथ उनके परिवार, रिश्तेदार और गांव के अन्य लोग सवार थे। ट्रैक्टर ट्राली में बच्चे, महिला समेत 35 लोग सवार थे। दरगाह पर चादरपोशी करने के सभी लोग बृहस्पतिवार शाम घर लौट रहे थे। शाम करीब साढ़े पांच बजे इनकी ट्रैक्टर ट्राली मुरादाबाद- ठाकुरद्वारा मार्ग पर रामूवाला गणेश चौराहे के पास पहुंची। इसी दौरान मुरादाबाद से ठाकुरद्वारा की ओर जा रहे ट्क का अगला पहिया गड्ढे में आ गया। जिससे टायर फट गया और ट्रक अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर ट्राली में घुस गया। इस हादसे में ट्रैक्टर ट्राली सवार लोग घायल हो गए और चीख पुकार मच गई। हादसे के बाद मौके पर लोग जुट गए और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के जरिये ठाकुरद्वारा के सरकारी अस्पताल भिजवा दिया गया, जहां चिकित्सकों ने एक मासूम तीन को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों का उपचार शुरू कर दिया। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण विद्या सागर मिश्र बताया कि मृतकों की पहचान आमना खातून (60) पति स्व सगीर निवासी रामपुर चौराहा सिद्दीकी कालोनी थाना कटघर, मोहम्मद आरिफ (35) पुत्र हाजी कल्लू और मोहम्मद रोहान(02) पुत्र नदीम और छोटे शाह (45) पुत्र असगर के रूप में हुई है। मोहम्मद आरिफ और रोहान अमरोहा जनपद के डिडौली थानाक्षेत्र के श्योनाली गांव निवासी थे। जबकि 32 घायलों को ठाकुरद्वारा और काशीपुर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। थाना प्रभारी आरपी सिंह ने बताया कि दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है। ट्रक चालक हादसे के बाद मौके से भाग निकला है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।