मुरादाबाद। सिविल लाइंस थानाक्षेत्र से आढ़त और दुकान के विवाद के चलते आढ़ती संदीप थरेजा को अगवा करने वाले मुख्य आरोपी बसपा नेता बबलू सैनी और उसके तीन साथियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी ने चारों की गिरफ्तारी पर 20-20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर स्कार्पियो कार भी बरामद कर ली है।
सहायक पुलिस अधीक्षक सागर जैन ने बताया कि तीस दिसंबर को सिविल लाइंस थानाक्षेत्र के रामगंगा विहार निवासी संदीप थरेजा को अगवा कर लिया था। घटना के समय वह स्कूटी से मंडी समिति जा रहे थे। इस मामले में आढ़ती की पत्नी मीना ने चक्कर की मिलक निवासी रामचंद्र सैनी समेत अन्य के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कराया था। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज की मदद से पता चला था कि सिविल लाइंस के आवास विकास कालोनी में संदीप को स्कार्पियो कार में अगवा किया था। मौके पर उनकी स्कूटी और बैग बरामद हो गया था। संदीप अगले दिन आगरा स्थित रोडवेज बस अड्डे के पास बेहोशी की हालत में मिले थे। पुलिस संदीप को आगरा से लेकर आई और आरोपी रामचंद्र सैनी को गिरफ्तार अपहरण का खुलासा कर दिया था।
आरोपी रामचंद्र सैनी ने पुलिस को बताया था कि उसके भाई बसपा नेता बबलू सैनी ने अपने तीन साथियों के अपहरण किया था। रामचंद्र ने बताया था कि संदीप से उसका दुकान और आढ़त को लेकर विवाद चल रहा था। आरोपियों के नाम सामने आने के बाद एसएसपी ने उन पर बीस-बीस हजार रुपये का नाम घोषित किया था। सिविल लाइंस थाना प्रभारी आरपी सिंह ने बताया कि आरोपी बबलू सैनी निवासी चक्कर बहादुर व मुकेश निवासी चक्कर की मिलक और भोजपुर के दादूपुर निवासी जसकरन को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से कार भी बरामद कर ली गई है।