मुरादाबाद। ठाकुरद्वारा थानाक्षेत्र में चेकिंग करने गई बिजली विभाग की टीम के साथ मारपीट और लूटपाट करने के आरोप में पुलिस ने एक युवती समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शनिवार दोपहर बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम जुटी है।
शुक्रवार की दोपहर एसडीओ ठाकुरद्वारा गौरव प्रकाश, विजिलेंस और पुलिस टीम के साथ एक मीनार वाली मस्जिद क्षेत्र में चेकिंग करने पहुंचे थे। आरोप है कि इस दौरान एक घर में मीटर बाईपास के जरिये विद्युत चोरी पाई गई थी। टीम ने जैसे ही बिजली चोरी करने वालों का कनेक्शन काटा तो कुछ लोगों ने टीम पर हमला कर दिया था। बिजली कर्मचारियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया था। इस मामले में ठाकुरद्वारा में राकेश निवासी जैतपुर बिसाहट थाना मूंढापांडे की ओर से मारपीट, जान से मारने की धमकी देने, सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करना और सरकारी कर्मचारियों के साथ मारपीट, लूटपाट और बलवा और 7 क्रिमिनल एक्ट में केस दर्ज किया गया था। पुलिस ने इस मामले में आरोपी युवती आसना, जावेद, नसीम और मोहम्मद हुसैन निवासी मोहल्ला फतेह उल्ला गंज थाना ठाकुरद्वारा को गिरफ्तार किया गया है। थाना प्रभारी ठाकुरद्वारा ने बताया कि आरोपियों को शनिवार दोपहर बाद अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।