मुरादाबाद। मॉडर्न पब्लिक स्कूल के मैदान पर आयोजित अंडर-17 अस्मिता खेलो इंडिया महिला फुटबाल लीग में जबरदस्त खेल देखने को मिला। शनिवार को हुए चारों मैचों में विजेता टीमों ने विपक्षी टीम को कोई भी गोल करने का माैका नहीं दिया। प्रतियोगिता का आयोजन उत्तर प्रदेश फुटबाल संघ व जिला फुटबाल एसोसिएशन (जेडएफए) मुरादाबाद की ओर से किया जा रहा है।
दिन का पहला मैच एमपीएस और सावित्रीबाई फुले के बीच खेला गया। पहले हाॅफ में एमपीएस की आलिया सुल्ताना ने शानदार गोल कर बढ़त बना ली। सावित्रीबाई की खिलाडियों ने खूब प्रयास किए लेकिन गोल करने में सफलता नहीं मिली। हालांकि दूसरे हाॅफ में सावित्रीबाई की खिलाड़ियों ने एमपीएस को खुलकर खेलने का कोई मौका नहीं दिया। यह मैच एमपीएस ने 1-0 से जीत लिया।
दूसरा मैच एमपीएस और आशीष बाल विद्या मंदिर के मध्य खेला गया। पहले हाॅफ में आयशा ने एक गोल कर अपनी टीम को बढ़त दिला दी। दूसरे हाॅफ में एमपीएस की हिफजून ने लगातार दो गोल कर अपनी टीम का स्कोर 3-0 कर दिया जो अंत तक बना रहा।
तीसरा मैच जेडएफए और सावित्रीबाई फुले के बीच खेला गया। पहले हाॅफ में जेडएफए की माधवी ने लगातार दो गोल कर टीम के हौसले बुलंद कर दिए। दूसरे हाॅफ में पारुल ने एक और गोल कर स्कोर 3-0 कर दिया और मैच अपने नाम कर लिया।
चौथा और अंतिम मैच सावित्रीबाई फुले और आशीष बाल विद्या मंदिर के मध्य खेला गया। पहले हाॅफ में दोनों टीमें गोल नहीं कर सकीं। दूसरे हाॅफ में सावित्रीबाई फुले की स्ट्राइकर मोहनी ने एक गोल किया और मैच 1-0 से अपने नाम कर दिया।
निर्णायक मंडल में माधुरी देवी, मोहम्मद फरमान, औरंगजेब आलम, सरताज मुमताज रहे। इस दौरान महासचिव नासिर कमाल, प्रिंसिपल मोहम्मद शकील, खेल प्रशिक्षक कीर्ति पाल, सुशील सिंह, उस्मान खान, आमिर मिर्जा आदि मौजूद रहे।