मुरादाबाद। विधानसभा चुनाव के लिए पंचायत भवन सभागार में मास्टर ट्रेनरों को प्रशिक्षण दिया गया। इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी डीएम शैलेंद्र सिंह ने कोरोना संक्रमण के चलते मतदान के समय खुद भी सावधानी रखें और मतदाताओं से भी इसका पालन कराएं।
शिविर में जिला कार्यक्रम अधिकारी डा. अनुपमा शांडिल्य ने मास्टर ट्रेनरों को विस्तार से उनके कर्तव्यों एवं दायित्वों के बारे में बताया। इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि कोविड के केसों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है इसलिए इस बार सुरक्षित चुनाव संपन्न कराना है। ऐसी संभावना है कि मतदान तक कोविड के केसों में कमी हो सकती है। पोलिंग अधिकारी प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय को अपने कार्यों का ज्ञान होगा तो चुनाव भी ठीक प्रकार संपन्न होगा। इस बार पोलिंग पार्टियों की रवानगी दो जगह से होगी। उन्होंने मास्टर ट्रेनरों का आह्वान किया कि कोविड प्रोटोकाल का स्वयं भी पालन करें और अन्य को भी कोविड प्रोटोकाल का बेहतर ढंग से पालन करने के लिए प्रेरित करें। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आनंदवर्धन, परियोजना अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, उप निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण एवं समाज कल्याण अधिकारी, अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी एवं मास्टर ट्रेनर उपस्थित रहें।